राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में विकास कार्यों का किया लोकार्पण
स्वास्थ्य केंद्र, छात्रसंघ कार्यालय और पुरुष छात्रावास भवनों का शुभारंभ
सीकर, राजस्थान। राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय सहित विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छात्रसंघ कार्यालय तथा शोध एवं विद्यार्थी पुरुष छात्रावास भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया गया।
सहायक कुलसचिव संपदा कन्हैया लाल जांगिड़ के अनुसार राज्यपाल ने निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी अधिकारियों से परियोजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें भवनों की डिजाइन, सिटिंग कैपेसिटी और आर्किटेक्चर संबंधी जानकारी दी। राज्यपाल ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण कार्यों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर कुलसचिव श्वेता यादव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, वित्त नियंत्रक महेश कुमार शर्मा, उप कुलसचिव (अकादमिक) राम सिंह सरावग, सहायक कुलसचिव (परीक्षा) डॉ. आरसी मीना और आईटी उपनिदेशक पंकज मील सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में हरिभाऊ बागड़े ने विश्वविद्यालय प्रशासन और निर्माण एजेंसी अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं विकास गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों के लिए निर्धारित शेड्यूल तैयार किया जाए और नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए, ताकि सभी परियोजनाएं समय पर पूर्ण हो सकें।
राज्यपाल के दौरे को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर आशीष मोदी तथा पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

