पांडिचेरी में खुला ‘ओपन एयर थिएटर’, दो सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन

कुलपति प्रो. पी. प्रकाश बाबू ने किया उद्घाटन, छात्र जीवन को समर्पित नई सुविधाएं

पांडिचेरी : पांडिचेरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पी. प्रकाश बाबू ने आज विश्वविद्यालय परिसर में तीन प्रमुख सुविधाओं—ओपन एयर थिएटर, प्रॉक्टोरियल बोर्ड कार्यालय तथा दो सेल्फी प्वाइंट्स का उद्घाटन किया। इन नव स्थापित ढांचागत सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के सह-पाठ्यक्रमीय विकास को बढ़ावा देना है।

जनरेशन Z के लिए खुला मंच

नवनिर्मित ओपन एयर थिएटर का उद्घाटन करते हुए कुलपति प्रो. बाबू ने इसे आज के बहुआयामी प्रतिभा संपन्न युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि “आज की पीढ़ी पढ़ाई के साथ-साथ दृश्य और प्रदर्शन कला में भी पारंगत है। यह ओपन एयर थिएटर केवल सांस्कृतिक आयोजनों के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बीच अनौपचारिक बौद्धिक संवाद का भी मंच बनेगा।” उद्घाटन अवसर पर कुलपति ने थिएटर परिसर में पौधारोपण भी किया।

प्रॉक्टोरियल बोर्ड कार्यालय की स्थापना

इस अवसर पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया। कुलपति ने अपने संबोधन में बताया कि विश्वविद्यालय के अनुशासन और आचार संहिता को सुनिश्चित करने हेतु प्रॉक्टोरियल बोर्ड की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि यह बोर्ड अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों के नियमों का अध्ययन कर गठित की गई समिति की सिफारिशों पर आधारित है।

डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. वेंकट राव ने कहा कि यह व्यवस्था पांडिचेरी विश्वविद्यालय अधिनियम, 1985 के अंतर्गत है और जैसे-जैसे विश्वविद्यालय का विस्तार हो रहा है, अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए इस बोर्ड की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। बोर्ड में अल्पसंख्यक, महिलाएं और उत्तर-पूर्व क्षेत्र के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, जिससे इसकी कार्यवाही निष्पक्ष और संतुलित बनी रहे।

छात्रों के लिए जुड़ा सेल्फी स्पॉट्स का नया अनुभव

कुलपति ने परिसर के दो अलग-अलग स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट्स का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में संस्थान के प्रति भावनात्मक लगाव और परिसर जीवन के प्रति गर्व को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि “कैम्पस में बिताए गए लम्हे और उन्हीं की यादें छात्रों को हमेशा प्रेरित करती हैं।”

कार्यक्रम में हुई विशेष उपस्थिति

इस समारोह में प्रो. सिबी पी.एस., उप डीन – स्टूडेंट्स वेलफेयर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। साथ ही डॉ. थरानिक्करासु (डायरेक्टर – स्टडीज), डॉ. क्लेमेंट सगयराज लूर्देस (डायरेक्टर – संस्कृति), डॉ. राजनीश भूटानी (रजिस्ट्रार प्रभारी), डॉ. विजय कुमार (लाइब्रेरियन), विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com