हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति ने मध्य प्रदेश से आए प्रतिनिधिमंडल का किया स्वागत

युवा संगम चरण-पाँच के अंतर्गत पाँच दिवसीय दौरे पर हैं विद्यार्थी

महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत युवा संगम चरण-पाँच के प्रतिभागियों का विश्वविद्यालय पहुँचने पर कुलपति प्रो टंकेश्वर कुमार ने स्वागत किया गया। युवा संगम देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने की महत्त्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक, मध्य प्रदेश से 41 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल हकेवि पहुँचा है।

प्रो. टंकेशवर कुमार ने सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया जिनके नेतृत्व में युवा संगम कार्यक्रम के विभिन्न चरण आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा संगम कार्यक्रम ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को जमीनी तौर पर साकार कर रहा है। कुलपति ने इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश की सांस्कृतिक समृद्धि, ऐतिहासिक महत्व और विकासात्मक उपलब्धियों को समझने का अवसर बताया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल में छात्राओं की भागीदारी पर भी हर्ष व्यक्त किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एकता और समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और युवा संगम इस कार्य को करने का एक माध्यम है। जिसका उद्देश्य देश के लिए सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है।

हकेवि के एक भारत श्रेष्ठ भारत सेल के नोडल अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने सांस्कृतिक मिश्रण की महत्ता और इस कार्यक्रम के अद्वितीय डिजाइन से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने प्रतिनिधियों से भारत की विविधता और एकता को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक, मध्य प्रदेश से 41 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल हकेवि पहुँचा है। इसमें 18 छात्र, 17 छात्राएं और 06 शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारी सम्मिलित हैं। डॉ. मीणा ने पांच दिवसीय यात्रा की रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत कराया। इसमें पर्यटन, परंपरा, प्रगति, परस्पर संपर्क और प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा गया। आयोजन में प्रतिभागियों को हकेवि पर केंद्रित वृत्तचित्र दिखाकर उनका विश्वविद्यालय से परिचय करवाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शोध अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार शर्मा, सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन के निदेशक प्रो. आशीष माथुर, प्रो. रुपेश देशमुख, डॉ. अजय कुमार, डॉ. विकास सिवाच, डॉ. विष्णु कुचेरिया भी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com