भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण
बरेली : भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर में आज विश्व पर्यावरण दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष का थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” है, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे की बढ़ती समस्या के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा इसके समाधान हेतु वैश्विक स्तर पर प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के तहत संस्थान परिसर में स्वामी विवेकानंद सभागार के समीप वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर संस्थान की संयुक्त निदेशक, डॉ. रूपसी तिवारी ने वृक्षारोपण करते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण ने हमारे जीवन के हर क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है – हमारे पीने के पानी, भोजन और यहां तक कि हमारे शरीर में भी। उन्होंने इस गंभीर चिंता के प्रति जागरूकता व्यक्त करते हुए कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंगे और अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करना होगा।

इसी क्रम में संस्थान के पशुपोषण विभाग में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने प्लास्टिक के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसके विकल्पों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग केवल मानव स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि पर्यावरण, पशु-पक्षियों और समुद्री जीवों के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है। कुछ छात्रों ने अपने वक्तव्यों में समुद्री जीवों जैसे डॉल्फिन और कछुओं में माइक्रो-प्लास्टिक के कारण हार्मोनल असंतुलन के प्रमाणों का उल्लेख भी किया।
प्रतियोगिता में छात्रों ने दैनिक जीवन में प्लास्टिक की जगह जूट के थैले और लकड़ी की बनी चम्मचों के उपयोग का सुझाव दिया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रूपसी तिवारी एवं डॉ एस के साह के के नेतृत्व में डॉ हिमानी धांजे, डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. अयोन तरफदार द्वारा किया गया, जिसमें अनेक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
