काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा “कृत्रिम बुद्धिमत्ता साक्षरता मिशन” का आयोजन
मिर्ज़ापुर :
राजीव गांधी दक्षिण परिसर (रा.गा.द.प.), काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (का.हि.वि.वि.), बरकछा, मिर्ज़ापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के अंतर्गत “कृत्रिम बुद्धिमत्ता साक्षरता मिशन” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम डॉ. स्वप्ना मीना, एन.एस.एस. कार्यक्रम समन्वयक, का.हि.वि.वि. के मार्गदर्शन में तथा डॉ. शशिधर के.एस., कार्यक्रम अधिकारी (एन.एस.एस. इकाई-011C) एवं डॉ. सविता देवांगन, कार्यक्रम अधिकारी (एन.एस.एस. इकाई-011D) के समन्वय से संपन्न हुआ।

🎓 मुख्य अतिथि का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. बी.एम.एन. कुमार, आचार्य प्रभारी, रा.गा.द.प. रहे। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एन.एस.एस. की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, बौद्धिक उन्नयन तथा शैक्षणिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
👨💻 तकनीकी सत्र में एआई पर विस्तार से चर्चा
कार्यक्रम में डॉ. मनोज मिश्रा, सहायक प्रोफेसर (संगणक विज्ञान संकाय) एवं उप-आरक्षाधिकारी, रा.गा.द.प. तथा श्री संतोष उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी, रा.गा.द.प. विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तकनीकी सत्र में डॉ. मनोज मिश्रा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) की अवधारणा, उसके व्यावहारिक उपयोग, संभावनाओं एवं नैतिक पक्षों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके पश्चात आयोजित संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।

👥 200 से अधिक स्वयंसेवकों की सहभागिता
इस कार्यक्रम में रा.गा.द.प. के लगभग 200 एन.एस.एस. स्वयंसेवकों तथा परिसर के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल जागरूकता, एआई का जिम्मेदार उपयोग तथा तकनीकी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का समापन डॉ. शशिधर के.एस. द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
