हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर कार्यक्रमों हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 21 मई तक चलेगी

21 मई तक चलेगी ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया

महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए दाखिला प्रक्रिया के अंतर्गत विश्वविद्यालयीन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) पीजी 2024 के स्नातकोत्तर व पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के नतीजे घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर व पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया अगले चरण में पहुँच गई है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए काउंसलिंग हेतु पंजीकरण आज 22 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की यह प्रक्रिया आगामी 21 मई तक जारी रहेगी।

Central University of Haryana, CUH

पंजीकरण की इस प्रक्रिया के बाद मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिसके आधार पर संबंधित कार्यक्रमों में दाखिले प्रदान किए जायेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो टंकेश्वर कुमार ने प्रवेश परीक्षा में सफल परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय देशभर के अभ्यर्थियों का स्वागत करता है और उनके बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

दाखिला प्रक्रिया के संबंध में विश्वविद्यालय के सीयूईटी के नोडल ऑफिसर डॉ तेजपाल ढ़ेवा ने बताया कि स्नातकोत्तर व पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित होने के पश्चात विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आज 22 अप्रैल से शुरु होने हो रही है। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण 21 मई, 2024 तक करवाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में सीयूईटी 2024 के तहत स्नातकोत्तर व पीजी डिप्लोमा के 41 कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 1482 सीटें उपलब्ध हैं।

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं परिषद् शाखा की ओर से पंजीकरण के पश्चात दाखिले की आगे की प्रक्रिया हेतु अलग से कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। जिसके आधार पर पंजीकृत आवेदकों को दाखिले के अवसर उपलब्ध होंगे। विश्वविद्यालय में दाखिले के इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। शैक्षणिक सत्र 2024-25 की सीयूईटी की प्रवेश प्रक्रिया का संयोजन डॉ तेजपाल ढ़ेवा, डॉ सिद्धार्थ शंकर राय व डॉ सुशील कुमार द्वारा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com