राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षक दिन के अवसर पर शिक्षकों के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार
अजमेर : राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षक दिवस (5 सितम्बर) के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाला “टीचिंग एक्ससीलेंस अवार्ड्स” कार्यक्रम अब राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित शैक्षणिक परंपरा बन गया है। यह पुरस्कार उन शिक्षकों को समर्पित है जो न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी हैं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।
इस वर्ष यह पुरस्कार समारोह अपने तीसरे संस्करण में प्रवेश कर रहा है और इसे पहले से कहीं अधिक गरिमामयी और प्रेरणाप्रद स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने इस बार भी तीन प्रमुख श्रेणियों — मानविकी और सामाजिक विज्ञान, विज्ञान विषय, तथा व्यावसायिक कार्यक्रमों — में उत्कृष्ट शिक्षकों के नामांकन आमंत्रित किए हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2025 तक बढ़ा दी गई है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो आनंद भालेराव ने बताया कि “शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं होता, वह एक विचारक और पथप्रदर्शक भी होता है। वह विद्यार्थियों के भीतर जिज्ञासा, तार्किकता और नवाचार की भावना को प्रज्वलित करता है। ऐसे प्रेरणादायी शिक्षकों को सम्मानित करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि हमारे शिक्षा तंत्र का सम्मान है।” उन्होंने आगे बताया कि पुरस्कार स्वरूप चयनित शिक्षकों को ₹51,000 की नकद राशि, एक शॉल, प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षकों को प्रेरित करने की यह पहल कुलपति प्रो. आनंद भालेराव की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिन्होंने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में शिक्षण-प्रेरणा की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पुरस्कार योजना की नींव रखी। विगत दो वर्षों में इस कार्यक्रम को अत्यधिक सराहना मिली है।
इससे पहले बीते दो वर्षों में भी यह पुरस्कार राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र एवं वर्तमान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े जैसे गरिमामयी अतिथियों द्वारा प्रदान किये गए। इस वर्ष भी यह पुरस्कार विश्वविद्यालय परिसर में एक प्रतिष्ठित अतिथि के द्वारा प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए, बल्कि देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनता जा रहा है।
यह पहल एक सशक्त और प्रगतिशील शिक्षाव्यवस्था की दिशा में विश्वविद्यालय के संकल्प को दर्शाती है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है — जहाँ शिक्षक एक मार्गदर्शक, मेंटर और परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में पहचाने जाते हैं।
ऑनलाइन नामांकन हेतु विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.curaj.ac.in पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।
