विवेकानंद जयंती पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में ‘रन फॉर स्वदेशी’
स्वदेशी उत्पाद अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी जरूरी : कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय
‘प्रत्युष हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं बिक्रीकेंद्र’ का लोकार्पण
सीकर | 12 जनवरी 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में ‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना कर किया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राय ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक है। युवाओं को स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक विचार “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” को युवाओं के जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम के लिए 99 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। दौड़ के दौरान “स्वदेशी अपनाओ”, “स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दो” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरण किया गया।

हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र का लोकार्पण
विवेकानंद जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पीडीयूएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित ‘प्रत्युष हस्तशिल्प – प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र’ का लोकार्पण किया गया। कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय, पूर्व आईएएस अधिकारी श्याम सिंह राजपुरोहित तथा प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जयपुर की प्रेसिडेंट प्रो. रश्मि जैन ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कुलसचिव श्वेता यादव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, सहायक कुलसचिव डॉ. आर.सी. मीणा एवं कन्हैया लाल जांगिड़ सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कुलगुरु प्रो. राय ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीण स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देगा।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. डी.पी. सिंह ने बताया कि यह केंद्र स्थानीय कारीगरों, पारंपरिक शिल्प एवं स्वदेशी उत्पादों को स्थायी मंच उपलब्ध कराएगा। प्रदर्शनी में दौलतपुरा, दादिया, दीनारपुरा, बेरी हरदयालपुरा एवं भदवासी क्षेत्र की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
‘डिजिटल फोरेंसिक और साइबर खतरे’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा ‘डिजिटल फोरेंसिक और साइबर खतरों की खुफिया जानकारी’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस, जोधपुर के सेंटर फॉर सिक्योरिटी के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. अर्जुन चौधरी एवं डॉ. आदित्य रहे। अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय ने की।

वक्ताओं ने साइबर खतरों, डिजिटल युग की चुनौतियों और भविष्य में साइबर सुरक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी में आईटी उपनिदेशक पंकज मील, विभागीय शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
