नेशनल स्टार्टअप डे पर भोज मुक्त विश्वविद्यालय में AI और इंडस्ट्री 4.0 पर कार्यशाला आयोजित
भोपाल : नेशनल स्टार्टअप डे के अवसर पर मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय में आज एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) के अंतर्गत “Workshop on AI Industry 4.0 Tools for Innovators and Entrepreneurs” विषय पर आयोजित की गई।
कार्यशाला में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) के डिपार्टमेंट ऑफ डेटा साइंस के प्रोफेसर डॉ. आकाश अनिल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती मां की पूजा के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलगुरु एवं विद्यार्थी सहायता विभाग के निदेशक डॉ. रतन सूर्यवंशी तथा कुलसचिव डॉ. सुशील मंडेरिया ने प्रो. डॉ. आकाश अनिल का तुलसी पौधा एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में डॉ. आकाश अनिल ने वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग, इंडस्ट्री 4.0, तथा बदलते रोजगार रुझानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार AI और डेटा साइंस नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. रतन सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा पद्धति और केवल सरकारी नौकरी की दौड़ से बाहर निकलकर स्टार्टअप एवं एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कुलसचिव डॉ. सुशील मंडेरिया ने कहा कि “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मनुष्य द्वारा ही विकसित किया गया है और AI मनुष्य से अधिक बुद्धिमान नहीं हो सकता। आज के समय में AI हमारी भावनाओं और संवेदनाओं को भी समझने की दिशा में कार्य कर रहा है।”
कार्यक्रम में कार्यशाला संयोजक एवं विश्वविद्यालय के इनक्यूबेशन सेल की इंचार्ज व निदेशक डॉ. शुचि मिश्रा, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन केंद्र एवं मुद्रा वितरण विभाग की निदेशक डॉ. विभा मिश्रा, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. भारती शर्मा, डॉ. संजय गुलाटी, डॉ. मधुकर ईटेवार, डॉ. प्रज्ञा ओझा सहित विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य एवं छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन केंद्र की वरिष्ठ सलाहकार डॉ. निधि रावल गौतम ने किया।
