इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस

मीरपुर : इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू), मीरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।

इसके बाद कल्पना चावला सभागार में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग प्रो. करण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों में सेवा-भावना, अनुशासन और जिम्मेदारी विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि आपदा या आपातकालीन स्थितियों—जैसे बाढ़, भूकंप, महामारी आदि—में एनएसएस स्वयंसेवक राहत सामग्री वितरण, पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने, रक्तदान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता और प्रशासनिक सहयोग में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

प्रो. करण सिंह ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा में एनएसएस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, साक्षरता अभियान और रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग बताया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ पेश कर माहौल को जीवंत बनाया। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार ने स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मंच संचालन डॉ. अनीता ने किया, जबकि डॉ. संदीप यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर एनएसएस क्लर्क मंजीत और पूर्व स्वयंसेवक राकेश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com