“मोबाइल से चलेगा पोंछा!” – श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का अभिनव आविष्कार

महज ₹8,000 में बनी स्मार्ट ऑटोमैटिक मॉपिंग मशीन, कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने दी बधाई

पलवल : अब फर्श की सफाई के लिए झुकने या मशक्कत करने की ज़रूरत नहीं – श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, हरियाणा के बी.वॉक रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने एक अनोखी मशीन तैयार की है, जो मोबाइल फोन के इशारे पर अपने आप पोंछा लगा सकती है। सिर्फ ₹8,000 की लागत से बनी यह मशीन न केवल स्वदेशी नवाचार का उदाहरण है, बल्कि घरों की सफाई को भी एक तकनीकी अनुभव में बदल देती है।

कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने इस अभिनव प्रोजेक्ट के लिए विद्यार्थियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “ऐसे नवाचारों को विश्वविद्यालय पूर्ण समर्थन देगा। हर नवप्रवर्तनकारी छात्र को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी।”

इस प्रोजेक्ट में चार विद्यार्थी शामिल हैं – सागर सिंह, वृंदा शर्मा, भूमिका शर्मा और मोहित। मशीन की विशेषताएं कुछ इस प्रकार हैं:

  • वैक्यूम क्लीनर के साथ गीला पोंछा: धूल-मिट्टी को खींचने के साथ-साथ पीछे से पोंछा लगाते हुए सफाई करता है।
  • कम पानी में ज्यादा सफाई: 800ml पानी से एक पूरा कमरा साफ किया जा सकता है।
  • स्मार्ट सेंसर और मोटर: इसमें 3 इन्फ्रारेड सेंसर, अल्ट्रासोनिक सेंसर, BLDC मोटर, DC मोटर और ब्लूटूथ मॉड्यूल लगे हैं, जो माइक्रो कंट्रोलर से ऑपरेट होते हैं।
  • ऑटो व मैनुअल मोड: इसे मोबाइल ऐप से चलाया जा सकता है या यह 20 सेकंड बाद स्वतः सक्रिय हो जाती है।

छात्रा वृंदा शर्मा ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह से ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए मोबाइल ऐप से नियंत्रित की जा सकती है। भूमिका शर्मा ने इसके ऑटो फंक्शन की जानकारी दी, जबकि मोहित ने मशीन के मोबाइल ऑपरेशन पर प्रकाश डाला।

इंडस्ट्री 4.0 के चेयरमैन प्रो. कुलवंत सिंह ने विद्यार्थियों के परिश्रम और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कई और अत्याधुनिक नवाचारों पर काम चल रहा है।

इस प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन शंसबीर डागर और पंकज सोनी द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक लैब्स और मशीनों से लैस सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यह स्मार्ट पोंछा मशीन न केवल स्वच्छता को आसान बनाएगी, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के सपने को भी गति देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com