मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय को इलेक्ट्रॉनिक वाहन भेंट
गणतंत्र दिवस पर एमपी ऑनलाइन द्वारा
भोपाल |
मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु डॉ. मिलिंद दांडेकर ने ध्वजारोहण कर समस्त विश्वविद्यालय परिवार को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विश्वविद्यालय परिसर में स्थित राजा भोज की प्रतिमा पर माननीय कुलगुरु एवं कुलसचिव द्वारा पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण संपन्न हुआ।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत एमपी ऑनलाइन लिमिटेड द्वारा विश्वविद्यालय को दो इलेक्ट्रॉनिक वाहन भेंट किए गए। इन वाहनों का माननीय कुलगुरु डॉ. मिलिंद दांडेकर द्वारा पूजन कर विधिवत लोकार्पण किया गया।
एमपी ऑनलाइन द्वारा प्रदान किए गए ये इलेक्ट्रॉनिक वाहन विशेष रूप से दिव्यांग छात्र-छात्राओं की सुविधा, आवागमन एवं सहायता के उद्देश्य से विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराए गए हैं। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एमपी ऑनलाइन के प्रतिनिधियों द्वारा इन वाहनों की चाबियाँ माननीय कुलगुरु को सौंपी गईं।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, सामाजिक संवेदनशीलता एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
