कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया जारी

विधि क्षेत्र में युवाओं के लिए करियर के बहु-विकल्प: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया जारी

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) के विधि विभाग और विधि संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 मई से प्रारंभ हो चुकी है। यह जानकारी विश्वविद्यालय की विधि विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति जैन एवं विधि संस्थान की निदेशिका प्रो. सुशीला चौहान ने दी।

प्रो. प्रीति जैन ने बताया कि विधि विभाग न्यायिक व्यवस्था की रीढ़ होते हुए युवाओं के लिए अधिवक्ता, न्यायाधीश, विधिक सलाहकार, लोक अभियोजक, कंपनी सचिव, लीगल जर्नलिस्ट जैसे विभिन्न करियर विकल्प प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।

इस वर्ष एलएलबी (प्रोफेशनल – तीन वर्षीय) में 180 सीटें, और एलएलएम (दो वर्षीय) कोर्स में 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। विभाग में मूट कोर्ट प्रतियोगिता, विधिक कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किए जाते हैं, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है।

प्रो. सुशीला चौहान ने विधि संस्थान में संचालित पंचवर्षीय बीए एलएलबी ऑनर्स इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए 120 सीटें तथा एलएलएम (एसएफएस – दो वर्षीय) कोर्स के लिए 50 सीटें निर्धारित होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे समाज जटिल होता जा रहा है, कानून और न्याय की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, जिससे इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें: इच्छुक विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट या IUMS पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विधि शिक्षा एक ऐसा क्षेत्र है जो ज्ञान, तर्कशक्ति और नैतिकता पर आधारित होकर युवाओं को सामाजिक सेवा, सरकारी पदों या निजी क्षेत्र में सफल करियर के लिए सक्षम बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com