कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मिलेट्स पर पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ
मिलेट्स स्वास्थ्य के लिए लाभकारी : डॉ. अमरजीत सिंह
कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में गृह विज्ञान विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा सेंटर फॉर कंटीन्यूइंग एजुकेशन (CCE) तथा रूसा 2.0 के सहयोग से “मिलेट्स: एक स्थायी स्वस्थ दुनिया के लिए एक दृष्टिकोण” विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अमरजीत सिंह, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़, ने कहा कि मिलेट्स हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने बताया कि मिलेट्स को मुख्य खाद्य फसलों के विकल्प के रूप में आहार में शामिल किया जा सकता है, लेकिन इन्हें पूरी तरह से मुख्य भोजन के रूप में अपनाना उचित नहीं है, क्योंकि इनमें कुछ एंटीन्यूट्रिएंट्स भी पाए जाते हैं।

डॉ. अमरजीत सिंह ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भिगोने और अंकुरित करने की प्रक्रिया से मिलेट्स में मौजूद एंटीन्यूट्रिएंट्स की मात्रा को काफी हद तक कम किया जा सकता है, जिससे उनका पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभ बढ़ता है।
इस अवसर पर गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। वहीं कार्यशाला की कोऑर्डिनेटर प्रो. तरविंदर जीत कौर ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया।

कार्यशाला के दौरान रूही, अंजलि, स्वाति और महक ने विद्यार्थियों को बाजरे को मुख्य सामग्री के रूप में उपयोग कर स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार करने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक बाजरे की खाना पकाने की बारीकियों को सीखा।
इस कार्यशाला में गृह विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम को विशेष सफलता प्राप्त हुई।
,
