ICAR-IVRI इज्जतनगर द्वारा चलाये जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान को किसानों ने सराहा
इज्जतनगर : भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), द्वारा चलाये जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान को किसानों ने व्यापक रूप से सराहा है। अधिकतर किसानों ने इंटरएक्टिव सत्रों के दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने में गहरी रुचि और उत्साह दिखाया। किसानों ने विशेषकर उन तकनीकों की सराहना की जो लागत को कम कर उपज बढ़ाने में सहायक हैं। किसानों ने इन कार्यक्रमों की निरंतरता की मांग भी की, जिससे वे कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी निरंतर प्राप्त कर सकें।



29 मई से प्रारम्भ हुए इस अभियान के अंतर्गत अब तक बरेली, बदायूँ एवं रामपुर जनपदों के कुल 11,162 किसानों ने सहभागिता की। इस दौरान किसानों को कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, सहकारी योजनाओं, सब्सिडियों और आईवीआरआई द्वारा विकसित तकनीकों की जानकारी दी गई।
बरेली जनपद के विकास खण्ड बहेड़ी के ग्राम जसवंत सुमाली, डुण्डा शुमाली, उनई मकरूका, जसवंत जुनावी तथा मकसूदनपुर गुरुद्वारा बकोली में किसानों को कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी नई तकनीकों, सहकारी योजनाओं और संस्थान द्वारा प्रदत्त सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
रामपुर जनपद के ब्लॉक बाजावाला बगरब्बा, खाण्डिया ब्लॉक सैदनगर, कसीमपुर शरीक, वाजिदपुर विकासखण्ड चमरौआ एवं रमपुरा ननकाना, गजरोला पजावा में किसानों के पास जाकर वैज्ञानिकों ने पशुपालन प्रबंधन, दुग्ध एवं मांस प्रसंस्करण, पशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण पर चर्चा की। साथ ही, धान की नर्सरी की तैयारी, पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, किसान सम्मान योजना, बागवानी तथा फसल बचाव, प्रधानमंत्री सम्मान निधि एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
इसी प्रकार, बदायूँ जनपद के आसफपुर विकास खण्ड के ग्राम बिजौरी, लक्ष्मीपुर, सिरसावाँ, बसौमी, ओरछी, भोजपुर, नहडौली, आसफपुर और राज टिकोली में जाकर वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं का समाधान किया। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, धान की पौधशाला, कीट एवं रोग नियंत्रण, तथा कृषि एवं पशुपालन से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।