स्वच्छता जिम्मेदारी ही नहीं, जीवन की संस्कृति है – प्रो. टंकेशवर कुमार

एक भारत श्रेष्ठ भारत के सहयोग से ‘स्वच्छता ही सेवा–2025’ अभियान का आयोजन

महेंद्रगढ़, हरियाणा : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों ने एक भारत श्रेष्ठ भारत के सहयोग से ‘स्वच्छता ही सेवा–2025’ अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जांट में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में संदेश देते हुए कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की संस्कृति है। यदि हर विद्यार्थी और नागरिक इसे जीवन का हिस्सा बनाए, तो स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना अवश्य साकार होगा।”

समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता विद्यालय या घर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह जीवन का स्थायी संस्कार बने। उन्होंने स्वच्छ वातावरण को स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की नींव बताया।

एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाषणों व प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता प्रचार, व्यक्तिगत स्वच्छता और प्लास्टिक को ना कहें जैसे विषयों पर विचार साझा किए। बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, डस्टबिन का उपयोग और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. नीलम, डॉ. मुकेश उपाध्याय, डॉ. युधवीर, प्रो. राजेंद्र प्रसाद मीणा और डॉ. तरुण कुमार ने भी स्वच्छता को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए प्रेरक संदेश दिए।

अंत में विद्यालय प्राचार्य श्री सुखराम पाल ने कहा कि विद्यार्थी समाज के सच्चे परिवर्तनकारी दूत हैं, उनकी भागीदारी से निश्चित ही नई चेतना का संचार होगा। आयोजन में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया और स्वच्छता की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com