हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में वार्षिक समारोह ’आयाम 24’ का हुआ आयोजन

  • भौतिकी संघ ‘आवृत्ति‘ द्वारा किया गया आयोजन

महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), में भौतिकी और खगोल भौतिकी विभाग ने भौतिकी संघ ’आवृति’ के तत्वावधान में बुधवार को वार्षिक समारोह ’आयाम 24’ आयोजित किया। आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो टंकेश्वर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में तथा विश्वविद्यालय की समकुलपति प्रो सुषमा यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्रथम महिला व भौतिकी एवं खगोल भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो सुनीता श्रीवास्तव व कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। भौतिकी संघ के अध्यक्ष डॉ अंकुश विज ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। आयोजन में मुख्य अतिथि प्रो टंकेश्वर कुमार ने भौतिकी संघ की उपाध्यक्ष श्रुति आर्य की अध्यक्षता वाली आवृति एसोसिएशन को पूरे वर्ष कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए बधाई दी और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। भौतिकी एवं खगोल भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो सुनीता श्रीवास्तव ने विभाग की उल्लेखनीय उपलब्धियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आवृति एसोसिएशन विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे उन्हें विविध क्षेत्रों में खोज करने के अवसर मिलते हैं। विश्वविद्यालय की समकुलपति प्रो सुषमा यादव ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया और विभाग की गतिशील ऊर्जा की सराहना करते हुए इसे “पूर्ण ऊर्जा पावर पैक“ बताया।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो सुनील कुमार व शोध अधिष्ठाता प्रो पवन शर्मा ने भी एसोसिएशन के उत्कृष्ट सहयोगात्मक प्रयासों के लिए एसोसिएशन की प्रशंसा की। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और एसोसिएशन के सदस्यों को उनके योगदान के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और भौतिकी और खगोल भौतिकी विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com