श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के योगोत्सव में एक हजार साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
– योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला: माफी ढांडा
– कुरुक्षेत्र की पावन भूमि से विश्व को मिला शांति, स्वास्थ्य और संतुलन का संदेश
कुरुक्षेत्र : श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र ने आज ब्रह्मसरोवर तीर्थ स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित 43वें काउंटडाउन योगोत्सव के माध्यम से पूरे विश्व को स्वास्थ्य, शांति और समरसता का संदेश दिया। इस भव्य कार्यक्रम में एक हजार से अधिक साधकों ने भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर भारतीय योग परंपरा की गरिमा को पुनः जीवंत किया।
यह आयोजन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में हुआ। प्रातः 7 बजे कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के नेतृत्व में हुई।
मुख्य मंच पर नगर परिषद थानेसर की चेयरपर्सन माफी ढांडा, पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा, आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र खुराना, एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।

योग के महत्व पर वक्ताओं के विचार
चेयरपर्सन माफी ढांडा ने कहा, “योग केवल शरीर का व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित करने की भारतीय कला है। यह हमारी सभ्यता की अमूल्य धरोहर है जिसे सभी को अपनाना चाहिए।” उन्होंने महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से योग अपनाने की प्रेरणा दी।
पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा ने कहा, “योग अब एक विकल्प नहीं, बल्कि जीवनशैली बनना चाहिए। इससे मानसिक शांति और ऊर्जावान जीवन मिलता है।”
कुलपति प्रो. धीमान ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “यह वही पावन भूमि है जहां श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था। आज हम उसी भूमि से योग के माध्यम से पूरी दुनिया को शांति, स्वास्थ्य और मानव कल्याण का संदेश दे रहे हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा, मन और चेतना का संयोजन है।

योग शिक्षण व आयोजन में रहा विभिन्न संस्थाओं का सहयोग
कार्यक्रम में 15 से अधिक योग संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
योग प्रोटोकॉल अभ्यास का निर्देशन प्रो. शीतल सिंगला के मार्गदर्शन में योग शिक्षक योगेंद्र कुमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कुलसचिव अतुल गोयल ने किया।
सहयोगी संस्थाओं में शामिल रहे:
हरियाणा योग आयोग, जिला आयुष विभाग, जिला शिक्षा विभाग, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारत विकास परिषद, विद्या भारती, भारतीय योग संस्थान, योग भारती, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, स्वदेशी जागरण मंच, आरोग्य भारती, जयराम गुरुकुल, गीता निकेतन, श्रीमद भगवद गीता स्कूल, संस्कृति मॉडल स्कूल, नाथ पब्लिक स्कूल, आदि।
उपस्थित प्रमुख गणमान्य अतिथि
उपस्थित अतिथियों में केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, हरियाणा योग आयोग के सदस्य मनीष कुकरेजा, विद्या भारती से अशोक रोशा, भारतीय योग संस्थान से ओमप्रकाश व गुलशन ग्रोवर, पतंजलि महिला समिति से डॉ. निरुपमा भट्टी, योग भारती से जगतार सिंह, रणजीत, गुरुकुल से आचार्य दीपक व संजय, शिक्षा विभाग से हरीश कुमार व जसबीर सिंह, तथा भारत विकास परिषद से विजयंत बिंदल और आर्ट ऑफ लिविंग से अक्षय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
