गुरु घसीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर को ईवी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए MeitY से ₹2.5 करोड़

छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत @2047 के लिए बड़ी उपलब्धि

बिलासपुर : गुरु घसीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय), बिलासपुर को इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने विश्वविद्यालय को ₹2.5 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना MeitY–MHI इलेक्ट्रिक व्हीकल सब-सिस्टम (EVSS) कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत हुई है, जो विकसित भारत @2047 के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

माननीय कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल के नेतृत्व में NAAC से A++ ग्रेड प्राप्त GGV लगातार शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। “स्मार्ट व्हीकल कंट्रोल यूनिट (SVCU) के डिज़ाइन एवं विकास” विषयक इस परियोजना के तहत इलेक्ट्रिक दो-पहिया और तीन-पहिया वाहनों के लिए व्हीकल कंट्रोल यूनिट (VCU) और बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) का डिज़ाइन, विकास एवं निर्माण किया जाएगा।

इस 36 माह की परियोजना में GGV बिलासपुर प्रमुख कार्यान्वयन संस्था है, जबकि IIT भिलाई और एरकी मोटर्स सहयोगी संस्थान हैं। इससे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों और युवाओं को उन्नत प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुसंधान और स्थानीय रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह ईवी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राज्य के स्टार्टअप्स और MSME को प्रोटोटाइप, परीक्षण एवं तकनीकी सत्यापन की सुविधाएँ भी उपलब्ध कराएगा।

परियोजना की एक विशेष उपलब्धि इसका सामाजिक समावेशन पर केंद्रित दृष्टिकोण है। इसके तहत 500 से अधिक वंचित एवं आदिवासी विद्यार्थियों को ईवी तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें 30 प्रतिशत से अधिक बालिकाएँ होंगी। इससे रोजगार, उद्यमिता और लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा।

परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. सूरज शर्मा हैं तथा सह-प्रधान अन्वेषक प्रो. आलोक कुमार सिंह कुशवाहा हैं। उद्योग सहभागिता के तहत अर्पित चौहान, संस्थापक, एरकी मोटर्स परियोजना से जुड़े हैं।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि यह स्वीकृति न केवल GGV बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राज्य में स्वदेशी निर्माण, कौशल विकास, उद्योग-शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करेगा और छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रिक वाहन अनुसंधान के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com